चंदौली। उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस पार्टी ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर योगी आदित्यनाथ सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। पार्टी नेताओं ने कहा कि भाजपा जब 2017 में सत्ता में आई थी, तब दावा किया गया था कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित होगा, अपराध पर रोक लगेगी और अनुशासित प्रशासन देखने को मिलेगा। लेकिन आठ साल बाद हालात इसके विपरीत हैं

कांग्रेस प्रवक्ता बृजेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि “भाजपा राज में अपराधी मस्त हैं और जनता त्रस्त।”

महिलाओं और दलितों पर अत्याचार

 

कांग्रेस ने आंकड़े जारी करते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ देशभर में होने वाले अपराधों का 15% हिस्सा केवल उत्तर प्रदेश से दर्ज होता है। दलितों पर सबसे ज्यादा हमले भी यहीं होते हैं।

गरीब, मजदूर और वंचित वर्ग पर अपराधों में भी यूपी शीर्ष पर है।

 

चंदौली जिले का हवाला देते हुए पार्टी ने बताया कि सिर्फ पिछले तीन महीनों में 1097 गंभीर अपराध दर्ज हुए, जिनमें अगस्त महीने में ही 353 मामले सामने आए। हाल ही में थाना चंदौली के नागुरा गांव में गोलीबारी की घटना हुई, जिसमें एक महिला घायल हुई। कांग्रेस का कहना है कि यह घटनाएं प्रदेश की डगमगाई कानून व्यवस्था को दर्शाती हैं।

 

चोरी और शराब बिक्री पर सवाल

 

कांग्रेस ने मुगलसराय क्षेत्र की घटनाओं का भी जिक्र किया। 17 अगस्त को बहादुरपुर में हुई चोरी में 25 हजार के जेवर और 60 हजार नकद चोरी हो गए।

इसके अलावा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मुगलसराय में खुलेआम 24 घंटे शराब बेची जा रही है। राम मंदिर, लाठ नंबर 1 और गल्ला मंडी जैसे क्षेत्रों में देशी और अंग्रेजी शराब आसानी से उपलब्ध है। पार्टी का कहना है कि पुलिस-प्रशासन इस पर कोई कार्रवाई नहीं करता।

 

भूमाफियाओं के बढ़े हौसले

कांग्रेस ने कहा कि जिले में भूमाफियाओं का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। अवैध प्लॉटिंग और जमीन कब्जाने की घटनाएं आम हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस खामोश है।

मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग

प्रेस वार्ता के अंत में कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस्तीफे की मांग की। उनका कहना है कि जब अपराधों पर लगाम नहीं लग पा रही और लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, तो मुख्यमंत्री को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

बृजेश गुप्ता ने कहा कि “आज यूपी में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज़ नहीं बची है। मुख्यमंत्री को इस्तीफा देकर जनता से माफी मांगनी चाहिए।”

By fourthpillarworld

अपने शहर के लेकर देश-दुनिया की राजनीतिक, समसामयिक, बॉलीवुड, खेल, धर्म, आध्यात्म और व्यापार जगत की ताजा-तारीन खबरों को Fourthpillarworld.com पर पढ़े. हमारे youtube, facebook एवं instagram चैनल को फॉलो करना ना भूलें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *