लोटूबीर मंदिर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में लगी गोली, दूसरा फरार; पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर घायल सिपाही का जाना हाल

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के सुंदरपुर में शुक्रवार देर शाम असलहा तस्करों की तलाश में दबिश देने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में कांस्टेबल अमित शुक्ला को तीन गोलियां लगीं। पेट, पीठ और हाथ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल सिपाही को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

पुलिस टीम ने हमलावरों का पीछा किया तो लोटूबीर मंदिर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया।

सुंदरपुर की आशुतोष नगर कॉलोनी में दबिश देने पहुंची पुलिस टीम

डीसीपी गौरव बांसवाल के मुताबिक, शुक्रवार शाम लंका थाने की क्राइम टीम के चार पुलिसकर्मी असलहा तस्करी से जुड़े संदिग्धों की तलाश में सुंदरपुर स्थित आशुतोष नगर कॉलोनी पहुंचे थे। पुलिस टीम ने मौके से दो युवकों को पकड़कर पूछताछ शुरू की। इसी दौरान एक युवक ने अचानक पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी।

असलहा तस्करों

बदमाश की ओर से की गई ताबड़तोड़ गोलीबारी में कांस्टेबल अमित शुक्ला को तीन गोलियां लग गईं। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी पुलिसकर्मियों ने घायल सिपाही को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।

लोटूबीर मंदिर के पास पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़

पुलिस टीम पर फायरिंग कर भाग रहे बदमाशों का पुलिसकर्मियों ने पीछा किया। इसी दौरान लोटूबीर मंदिर के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिसकर्मियों ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा। वहीं, उसका दूसरा साथी फरार हो गया। पुलिस की टीमें फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल पहुंचे ट्रॉमा सेंटर

पुलिस टीम पर हमले और कांस्टेबल को तीन गोलियां लगने की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने घायल कांस्टेबल अमित शुक्ला का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनकी स्थिति तथा उपचार के संबंध में जानकारी ली। साथ ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे से एक दिन पहले वारदात

शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वाराणसी दौरा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क है। ऐसे में दौरे से ठीक एक दिन पहले पुलिस टीम पर बदमाशों की ओर से फायरिंग किए जाने की घटना सामने आई है।

सुंदरपुर

फिलहाल कांस्टेबल अमित शुक्ला का बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचार जारी है। मुठभेड़ में घायल आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *