रिपोर्ट – गोपी गुप्ता
वाराणसी। सिगरा क्षेत्र में हिन्दू जनजागृति समिति द्वारा आयोजित हिन्दू संगठन बैठक में कॉर्पोरेट जिहाद और लव जिहाद के विरोध में व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक में ‘बेटी सुरक्षित, राष्ट्र सुरक्षित’ अभियान प्रारंभ करने की घोषणा की गई, जिसके तहत वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों में व्याख्यान, संगोष्ठी एवं जनजागृति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 1 से 15 जून तक ‘हर घर योद्धा’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत लोगों को आत्मरक्षा के लिए कराटे, नानचाकू और मार्शल आर्ट का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि प्रत्येक व्यक्ति स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा करने में सक्षम हो सके।
कार्यक्रम में वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा, हिन्दू जनजागृति समिति के धर्मप्रचारक सद्गुरु निलेश सिंगबाल, चौरसिया व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील चौरसिया, राष्ट्रभक्त अधिवक्ता समिति के संयोजक अधिवक्ता संजीवन यादव, ज्ञानवापी आंदोलन से जुड़े डॉ. सोहनलाल आर्य, अधिवक्ता दीपक सिंह, रवि श्रीवास्तव, समिति के विश्वनाथ कुलकर्णी और राजन केशरी सहित कई हिन्दुत्वनिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बहुराष्ट्रीय कंपनियों में अन्य धर्मों की परंपराओं को स्वीकार किया जाता है, जबकि हिंदू धर्म की परंपराओं की उपेक्षा की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉर्पोरेट संस्कृति में हिंदू समाज के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जाता है। इस विषय पर जागरूकता बढ़ाने और हिंदुओं को संगठित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
बैठक का समन्वय हिन्दू जनजागृति समिति के उत्तर प्रदेश एवं बिहार राज्य समन्वयक श्री विश्वनाथ कुलकर्णी द्वारा किया गया।
