वाराणसी। सुसुवाही स्थित नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल में मातृ दिवस के अवसर पर ‘स्नेह का दर्पण मेरी मां’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मातृत्व, प्रेम, त्याग और समर्पण के भावों को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं प्रतियोगिताओं के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माता-अभिभावकों की गरिमामय उपस्थिति रही, जिससे पूरा वातावरण भावनात्मक और उत्साहपूर्ण बना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि आराधना राय तथा मुख्य अतिथि रेनू राय, श्रद्धा राय, सपना राय एवं वरिष्ठ समन्वयक सत्यप्रिया सिंह द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत शिक्षिका अर्चना रायजादा ने किया।

मातृ शक्ति को समर्पित इस आयोजन में विशेष रूप से माताओं के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, विभिन्न खेल गतिविधियां तथा आकर्षक रैंप वॉक प्रतियोगिता आयोजित की गई। इन प्रतियोगिताओं में माता-अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली माताओं के बीच विशेष फाइनल प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई, जिसमें विजेता माता को ‘स्टार मदर ऑफ द ईयर’ सम्मान से नवाजा गया। सभी विजेता प्रतिभागियों को मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा पुरस्कार और उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि रेनू राय ने कहा कि मां केवल एक शब्द नहीं, बल्कि निस्वार्थ प्रेम, त्याग और समर्पण का स्वरूप होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में माताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है और विद्यालय परिवार ऐसी जागरूक एवं समर्पित माताओं के योगदान का सम्मान करता है।

कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने भी अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। वैष्णवी, कृति, कवीश, अंश, अनन्या एवं अक्षिता समेत अन्य बच्चों ने गीत, संगीत, नृत्य, नाटक एवं भाषण के माध्यम से मां के प्रति अपने प्रेम और सम्मान को अभिव्यक्त किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों को भावुक कर दिया और पूरे सभागार में तालियों की गूंज सुनाई देती रही।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिकाएं अनुपम श्रीवास्तव, शेफाली पटेल, सुधा मालवीय एवं शिवांगी शुक्ला की विशेष भूमिका रही। वहीं मंच संचालन यशी पांडे एवं अंजू सिंह ने प्रभावी ढंग से किया। अंत में वरिष्ठ समन्वयक सत्यप्रिया सिंह ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार को बधाई दी।

By fourthpillarworld

अपने शहर के लेकर देश-दुनिया की राजनीतिक, समसामयिक, बॉलीवुड, खेल, धर्म, आध्यात्म और व्यापार जगत की ताजा-तारीन खबरों को Fourthpillarworld.com पर पढ़े. हमारे youtube, facebook एवं instagram चैनल को फॉलो करना ना भूलें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *