‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत निदेशक प्रो. ए. शेषाद्रि शेखर ने युवाओं को दिया एकता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का संदेश, प्रयोगशालाओं में आधुनिक शोध और तकनीक की जानकारी ली

वाराणसी। शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के तहत आयोजित ‘युवा संगम’ यात्रा के पांचवें दिन उत्तर प्रदेश से पहुंचे युवा प्रतिनिधियों ने केरल स्थित IIT पालक्काड का शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक भ्रमण किया। इस दौरान युवाओं ने संस्थान की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं का अवलोकन कर वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी परियोजनाओं और नवाचार से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं।

कार्यक्रम की शुरुआत परिसर में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ साइकिल यात्रा के साथ हुई। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने IIT पालक्काड की विभिन्न प्रयोगशालाओं का भ्रमण किया। संस्थान के प्राध्यापकों और शोधार्थियों ने प्रतिभागियों को प्रयोगशालाओं की कार्यप्रणाली, नवीनतम वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी विकास के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

एक भारत श्रेष्ठ भारत IIT पालक्काड उत्तर प्रदेश के युवा केरल में युवा संगम BHU युवा प्रतिनिधिमंडल युवा संगम यात्रा 2026

शैक्षणिक भ्रमण के बाद दोपहर में युवा प्रतिनिधियों ने पारंपरिक केरलीय भोज का आनंद लिया। इस दौरान उन्हें केरल के विभिन्न पारंपरिक व्यंजनों और खान-पान की संस्कृति से परिचित कराया गया। युवाओं ने केरल की पारंपरिक अतिथि सत्कार की परंपरा का भी अनुभव किया।

संस्थान के निदेशक से किया संवाद

दोपहर बाद आयोजित कार्यक्रम में युवा प्रतिनिधिमंडल ने IIT पालक्काड के निदेशक प्रो. ए. शेषाद्रि शेखर, उपनिदेशक डॉ. सुरेश और अन्य वरिष्ठ प्राध्यापकों से मुलाकात की। इस अवसर पर निदेशक प्रो. ए. शेषाद्रि शेखर ने प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि भले ही हम अलग-अलग भाषाओं और क्षेत्रों से आते हैं, लेकिन मिलकर एक भारतीय बनते हैं। प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम का मूल उद्देश्य भी एक-दूसरे की संस्कृति और परंपराओं को समझना है।

एक भारत श्रेष्ठ भारत IIT पालक्काड उत्तर प्रदेश के युवा केरल में युवा संगम BHU युवा प्रतिनिधिमंडल युवा संगम यात्रा 2026

उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि इस यात्रा को केवल यादों तक सीमित न रखें, बल्कि अधिक से अधिक लोगों से जुड़ें और अपने विचारों का आदान-प्रदान करें।

युवा प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के डॉ. बाला लखेन्द्र ने कहा कि इस योजना के माध्यम से कई युवाओं को पहली बार दूर-दराज के क्षेत्रों की यात्रा करने का अवसर मिला है। इससे उन्हें देश की वास्तविक विविधता को करीब से समझने का मौका मिल रहा है। उन्होंने आदिशंकराचार्य की जन्मस्थली के शांत वातावरण और IIT पालक्काड परिसर की स्वच्छता एवं सुंदरता की सराहना की।

सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का आह्वान

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद FCI पालक्काड के निदेशक डॉ. धीरेंद्र बहादुर सिंह ने युवाओं से भारत की सांस्कृतिक विरासत को समझने, उसे आत्मसात करने और संरक्षित करने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उपनिदेशक डॉ. सुरेश ने भी अपने विचार साझा किए।

एक भारत श्रेष्ठ भारत IIT पालक्काड उत्तर प्रदेश के युवा केरल में युवा संगम BHU युवा प्रतिनिधिमंडल युवा संगम यात्रा 2026

कार्यक्रम के अंत में IIT पालक्काड के नोडल अधिकारी प्रो. विनीत नारायण ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

डॉ. बाला लखेन्द्र, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के नोडल अधिकारी ने इस कार्यक्रम की जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *