वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र में दो व्यक्तियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के पीछे स्थित मकान से दो लोगों के शव बरामद होने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके से सल्फास के पैकेट और शराब की बोतल भी बरामद हुई है, जिसके बाद मामले को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।

बाथरूम और कमरे में मिले शव

जानकारी के अनुसार, नई बस्ती हुकुलगंज निवासी 47 वर्षीय अभिजीत गांगुली और कोहासी, चोलापुर निवासी 40 वर्षीय निहाल सिंह के शव एक मकान के बाथरूम और कमरे में मिले। सुबह कॉलेज कर्मचारियों की नजर शवों पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

जमीन कारोबार से जुड़े थे अभिजीत गांगुली

बताया जा रहा है कि अभिजीत गांगुली जमीन के कारोबार से जुड़े थे और बीते 1 अप्रैल से निहाल सिंह के साथ चोलापुर स्थित मकान में रह रहे थे। दोनों अविवाहित जीवन व्यतीत कर रहे थे और घर में अकेले रहते थे।

परिजनों ने जताई कई आशंकाएं

मृतक अभिजीत गांगुली की भाभी ने बताया कि दोनों अत्यधिक शराब का सेवन करते थे और अक्सर आपस में विवाद व मारपीट भी होती थी। उन्होंने आशंका जताई कि शराब के नशे में दोनों के बीच विवाद हुआ हो सकता है। साथ ही यह भी संभावना जताई कि दोनों ने सल्फास का सेवन किया हो या फिर किसी ने उनकी हत्या कर दी हो।

मौके से मिले सल्फास के पैकेट

घटना की सूचना पर डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार, एसीपी तथा चोलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि दोनों मृतकों के पास से सल्फास के पैकेट मिले हैं। प्रारंभिक जांच में शवों पर किसी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं। परिजनों के अनुसार, दोनों की आखिरी बार बुधवार सुबह परिवार से बातचीत हुई थी, जिसके बाद उनका किसी से संपर्क नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *