वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र के किरहिया में छात्रा आत्महत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। युवती के परिजनों की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया था कि आरोपी युवक लगातार युवती पर शादी करने का दबाव बना रहा था। युवती द्वारा इनकार करने पर उसे धमकियां दी जा रही थीं और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि इसी मानसिक दबाव के कारण युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना भेलूपुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अनुकेश तिवारी उर्फ हर्ष तिवारी (19 वर्ष) पुत्र चंदन तिवारी निवासी किरहिया, खोजवा दाहा चौक, थाना भेलूपुर को नूर नगर कब्रिस्तान के पास से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह, चौकी प्रभारी खोजवा उपनिरीक्षक मनोज कुमार चौहान, हेड कांस्टेबल करुणानिधान और कांस्टेबल सौरभ कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है।किरहिया क्षेत्र में युवती की आत्महत्या और उसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग मामले की निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
