वाराणसी। भेलूपुर थाना पुलिस ने युवती को शादी के लिए दबाव बनाने, धमकी देने और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को नूर नगर कब्रिस्तान के पास से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों द्वारा थाना भेलूपुर में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया गया था कि उसकी पुत्री पर आरोपी लगातार शादी का दबाव बना रहा था। युवती द्वारा मना करने पर उसे धमकियां दी जा रही थीं। आरोप है कि मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना भेलूपुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अनुकेश तिवारी उर्फ हर्ष तिवारी (19 वर्ष) पुत्र चंदन तिवारी निवासी किरहिया, खोजवा दाहा चौक थाना भेलूपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को नूर नगर कब्रिस्तान के पास से गिरफ्तार किया गया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में मुख्य रूप से प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह, चौकी प्रभारी खोजवा उपनिरीक्षक मनोज कुमार चौहान, हेड कांस्टेबल करुणानिधान, कांस्टेबल सौरभ कुमार शामिल थे।
