रिपोर्ट — पवन मिश्रा
गाजीपुर। सैदपुर थाना क्षेत्र के तराव क्रासिंग के पास पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पकड़ा गया आरोपी रोहन यादव है, जो 12 अप्रैल 2025 को ग्राम पियरी के पास हाईवे पर एक स्कॉर्पियो सवार पर फायरिंग की घटना में शामिल था।

मुखबिर की सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की थी। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे उसके घर के पास से पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि जब पुलिस आरोपी को घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कराने लेकर गई, तभी उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .32 बोर की अवैध पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, रोहन यादव के खिलाफ गाजीपुर के विभिन्न थानों में मारपीट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और धोखाधड़ी सहित करीब 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है और आरोपी के अन्य साथियों की तलाश जारी है।
बाइट:रामकृष्ण तिवारी, सीओ सैदपुर
