रिपोर्ट: आर.के. गुप्ता

वाराणसी: डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर घोषित ‘ड्राई डे’ का उल्लंघन करना एक युवक को महंगा पड़ गया। मिर्जामुराद क्षेत्र के बेनीपुर गांव में पुलिस ने मंगलवार सुबह छापेमारी कर अवैध रूप से बेची जा रही भारी मात्रा में शराब बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि बेनीपुर स्थित बीयर व अंग्रेजी शराब की कंपोजिट दुकान के बगल वाले कमरे से चोरी-छिपे शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दबिश दी। अचानक हुई कार्रवाई से आरोपी को भागने का मौका नहीं मिला और उसे मौके से ही पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान कमरे से कुल 81 पेटी शराब बरामद हुई, जिसमें 56 पेटी बीयर और 25 पेटी अंग्रेजी शराब शामिल है। इसके अलावा बिक्री के ₹5100 नगद भी बरामद किए गए। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीतीश कुमार शाह निवासी रामपुर, पटना (बिहार) के रूप में हुई है, जो कंपोजिट शॉप के बगल के कमरे से अवैध कारोबार संचालित कर रहा था।

एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव ने बताया कि आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में शासन द्वारा प्रदेश में सभी शराब की दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन कर अवैध बिक्री की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *