चंदौली। जनपद कचहरी स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी पार्क में आगामी 3 सितंबर 2025, दिन बुधवार को प्रातः 10 बजे पंडित कमलापति त्रिपाठी जी की जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। इस अवसर पर उनके कृतित्व एवं उपलब्धियों पर विशेष चर्चा होगी।

 

पंडित कमलापति त्रिपाठी का जन्म 3 सितंबर 1905 को हुआ था। वे राष्ट्र के मूर्धन्य राजनेता, समर्पित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, यशस्वी संपादक, श्रेष्ठ साहित्यकार, अग्रणी हिंदी सेवी और भारतीय संस्कृति के प्रतीक थे। लंबे संसदीय जीवन में उन्होंने लगभग पचास वर्षों तक देश की सेवा की, जिनमें से सैंतीस वर्ष तक चंदौली का प्रतिनिधित्व किया। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान वे पांच बार जेल गए और चंदौली के संघर्षों में महानायक रहे।

 

प्रदेश सरकार में मंत्री, उपमुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में तथा केंद्र सरकार में मंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में उन्होंने देश और प्रदेश की सेवा की। उनके नेतृत्व में चंदौली को विकास की नई दिशा मिली। उन्होंने लिफ्ट एवं बांध प्रणाली के माध्यम से दो हजार किलोमीटर नहरों का जाल बिछाया, विद्युत, सड़क, पुल, अस्पताल, पॉलिटेक्निक, डिग्री कॉलेज और माध्यमिक शिक्षा की अनेक संस्थाओं की स्थापना कराई। उनके प्रयासों से चंदौली को बाढ़ और अकाल से मुक्ति मिली और इसे धान का कटोरा कहा जाने लगा।

 

मुगलसराय रेल मंडल की स्थापना और रेल सेवाओं के विस्तार में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वे चंदौली जनपद के विकास पुरुष और राजनीति के पुरोधा माने जाते हैं।

 

जयंती समारोह में उनके जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला जाएगा। यह कार्यक्रम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा।

By fourthpillarworld

अपने शहर के लेकर देश-दुनिया की राजनीतिक, समसामयिक, बॉलीवुड, खेल, धर्म, आध्यात्म और व्यापार जगत की ताजा-तारीन खबरों को Fourthpillarworld.com पर पढ़े. हमारे youtube, facebook एवं instagram चैनल को फॉलो करना ना भूलें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *