वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र में बुधवार को एक नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। छात्रा का शव एक निजी अपार्टमेंट में संचालित बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

­

मृतका की पहचान फलक खातून (19) के रूप में हुई है, जो सारनाथ स्थित एक नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार फलक बुधवार सुबह घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन बाद में उसका शव हॉस्टल परिसर में मिलने की खबर मिली।

जानकारी अनुसार छात्रा सुबह एक निजी अपार्टमेंट स्थित बॉयज हॉस्टल पहुंची थी। बताया जा रहा है कि वह कुछ समय तक वहां मौजूद रही। बाद में भवन की सीढ़ियों पर उसकी हालत गंभीर मिली। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर सारनाथ पुलिस, फोरेंसिक टीम और अन्य अधिकारी  तत्काल पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ सामान बरामद किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। छात्रा के मोबाइल फोन की भी तलाश की जा रही है।

जांच के दौरान यह पता लगाने का कोशिश किया जा रहा है कि छात्रा हॉस्टल में किससे मिलने पहुंची थी और घटना से पहले उसके संपर्क में कौन-कौन  और कितने लोग थे। इसके लिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर पुष्टि कि जा रही है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल द्वारा कराया गया है। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट स्थिति सामने आ सकेगी।

सारनाथ थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर अधिक से अधिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल छात्रा की मौत से परिवार में मातम का माहौल है, जबकि क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है।

मामले की जांच जारी है। मौत के कारणों और अन्य तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *