वाराणसी। काशी में पड़ रही भीषण गर्मी और लू अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। भेलूपुर थाना क्षेत्र के दुर्गाकुंड चौकी अंतर्गत सोनिका पार्क के पीछे सोमवार को लगभग 70 वर्षीय एक अज्ञात बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुजुर्ग का शव सोनिका पार्क के पीछे एक पेड़ के नीचे पड़ा मिला। माना जा रहा है कि वह तेज धूप और लू से बचने के लिए वहां बैठे होंगे, लेकिन अत्यधिक गर्मी और डिहाइड्रेशन के कारण उनकी हालत बिगड़ गई। मौके पर ही उनकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

मृतक केवल लुंगी पहने हुए थे और सिर पर गमछा बंधा हुआ था। शरीर पर किसी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं, जिससे प्रारंभिक तौर पर लू और गर्मी को मौत का संभावित कारण माना जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय समाजसेवी टींकू सिंह ने बताया कि वह अपने बच्चे को बीएचयू छोड़कर लौट रहे थे, तभी वहां भीड़ देखकर रुके। उन्होंने देखा कि एक बुजुर्ग अचेत अवस्था में पड़े हैं। कुछ देर बाद पता चला कि उनकी मृत्यु हो चुकी है।

स्थानीय निवासियों के मुताबिक, मृतक बुजुर्ग अक्सर दुर्गाकुंड स्थित कौड़िया मंदिर और आसपास के इलाकों में दिखाई देते थे। लोग बताते हैं कि वह सिक्के बदलने और छोटे-मोटे काम करके अपना जीवनयापन करते थे। हालांकि उनकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

वाराणसी में लगातार बढ़ रहे तापमान और लू के प्रकोप ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। विशेष रूप से बुजुर्गों, मजदूरों और8 बेसहारा लोगों के लिए यह मौसम गंभीर खतरा बनता जा रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *