गाजीपुर। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर हथियाराम मठ के महंत भवानी नंदन यति जी महाराज ने पत्रकारों और हिंदी भाषा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए समस्त पत्रकार बंधुओं एवं प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान ने पत्रकारिता को अत्यंत सम्मानजनक स्थान प्रदान किया है। पत्रकार देश की हर गतिविधि और सामाजिक व्यवस्था का सजग प्रहरी होता है। समाज और राष्ट्र के विकास में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
महंत जी ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता दिवस मनाना हम सभी के लिए गर्व का विषय है। प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश, जनपद इकाई गाजीपुर द्वारा इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि दुनिया में अनेक भाषाएं प्रचलित हैं, लेकिन हिंदी हिंदुस्तान की आत्मा है। जिस देश में हिंदी का सम्मान और प्रयोग होता है, वहां भारतीय संस्कृति और गौरव की पहचान स्वतः दिखाई देती है।Ñ
उन्होंने 30 मई को हिंदी पत्रकारिता दिवस मनाने के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकार समाज के सम्मान के साथ संगठन की एकजुटता भी अत्यंत आवश्यक है। पत्रकारों की मजबूती और एकता से ही लोकतंत्र और अधिक सशक्त बनता है।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम के लिए आमंत्रण मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वे सदैव पत्रकार समाज की भावनाओं से जुड़े रहते हैं तथा पत्रकारों के कार्यों की कद्र करते हैं।
अंत में उन्होंने समस्त पत्रकार बंधुओं, मीडिया कर्मियों एवं संगठन के पदाधिकारियों को हिंदी पत्रकारिता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
