रिपोर्ट – पवन आजाद
वाराणसी। राजातालाब तहसील क्षेत्र के अदमापुर महनाग गांव निवासी समाजसेवी सुबेदार यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने की इच्छा जताई है। इसके लिए उन्होंने मंडलायुक्त वाराणसी को प्रार्थना पत्र देकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में सुबेदार यादव ने लिखा है कि “मैं वोट हूं, देश का भविष्य हूं। मुझसे ही देश के सांसद और प्रधानमंत्री बनते हैं, इसलिए मुझे भी अपने वोट के अधिकार का सम्मान मिलना चाहिए।” उन्होंने कहा कि वह देश के सरकारी सिस्टम का एक हिस्सा हैं और जनहित में लगातार कार्य करते रहे हैं।

सुबेदार यादव के अनुसार वर्ष 2013 में उन्होंने अपनी जमीन गिरवी रखकर गांव में पहलवान खिलाड़ियों के लिए एक भव्य अखाड़ा बनवाया। इस अखाड़े में क्षेत्र के युवा कुश्ती का प्रशिक्षण लेकर खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि उनके गांव अदमापुर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय पुरस्कार के लिए वर्ष 2016 में चयनित किया गया और वर्ष 2018 में सम्मानित भी किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री द्वारा ग्राम प्रधान को दिल्ली में सम्मानित किया गया, लेकिन अखाड़ा निर्माण में अपनी व्यक्तिगत भूमिका के बावजूद उन्हें कोई सम्मान नहीं मिला, जिससे वे उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
सुबेदार यादव ने कहा कि पहले गांव के खिलाड़ी खुले मैदान में अभ्यास करते थे, जहां बारिश और गर्मी के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए उन्होंने स्वयं पहल कर अखाड़ा बनवाया, जिससे अब क्षेत्र के लड़के-लड़कियां नियमित रूप से कुश्ती का प्रशिक्षण ले रहे हैं।
उन्होंने मांग की है कि उन्हें भी उनके योगदान के अनुरूप सम्मान दिया जाए और प्रधानमंत्री से मिलकर अपनी बात रखने का अवसर प्रदान किया जाए।
