रिपोर्ट – पवन आजाद

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के कमच्छा इलाके में मकान ध्वस्तीकरण के दौरान हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया। इस मामले में जेसीबी मशीन और वाहनों को क्षतिग्रस्त करने के आरोप में पड़ोसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमच्छा निवासी मयंक भार्गव शनिवार की रात अपने पुराने मकान को गिरवाने का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी प्राण नाथ गुप्ता ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए कथित रूप से अपने मकान की छत पर चढ़कर ईंट-पत्थरों से हमला करना शुरू कर दिया।

पीड़ित का आरोप है कि अचानक हुए इस पथराव से मौके पर काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई। हमले के दौरान वहां खड़ी उनकी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा, जबकि जेसीबी मशीन पर पत्थर फेंके जाने से उसे भी क्षति पहुंची। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मयंक भार्गव की तहरीर के आधार पर आरोपी प्राण नाथ गुप्ता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से किसी प्रकार का विवाद था या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *