वाराणसी। सुसुवाही स्थित नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल परिसर में ग्रीष्मकालीन अवकाश से पूर्व नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘टिनसेल टाउन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर यूकेजी तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक राजेश कुमार राय, उपाध्यक्ष प्रवीण राय, प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय एवं कनिष्ठ समन्वयक असीम कुमार घोसाल द्वारा माँ सरस्वती के तैल चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों की उपस्थिति से पूरा परिसर उत्साह और उमंग से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत संबोधन से हुई, जिसमें श्रीमती अर्चना रायजादा ने अतिथियों, अभिभावकों एवं बच्चों का हार्दिक अभिनंदन किया। इसके बाद बच्चों ने बॉलीवुड आधारित गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के बच्चों द्वारा प्रस्तुत समूह नृत्य ने खूब तालियां बटोरीं और पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय ने कहा कि छोटे बच्चे खेल और मनोरंजन के माध्यम से भी प्रभावी ढंग से सीख सकते हैं। यदि बच्चों के मनोभावों को समझकर उन्हें शिक्षित किया जाए तो वे तेजी से नई चीजें सीखते हैं। ऐसे आयोजन बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम होते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की रुचि के अनुसार उन्हें प्रोत्साहित करने की अपील भी की।

कार्यक्रम के अंत में कनिष्ठ समन्वयक असीम कुमार घोसाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया, जबकि सफल मंच संचालन शिक्षिका शेफाली पटेल ने किया। यह आयोजन बच्चों के लिए सीख और मनोरंजन का सुंदर संगम साबित हुआ, जिसने विद्यालय और अभिभावकों के बीच सकारात्मक संदेश भी दिया।
