वाराणसी। देव दीपावली पर नई सुबह एक उम्मीद सामाजिक संस्था ने भेलूपुर क्षेत्र के संकुल धारा पोखरे पर एक अनोखा कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ तथा देश की बेटियों को आगे बढ़ाओ” मुहिम के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम की थीम “देश की बेटियों ने रचा इतिहास” रखी गई, जिसमें लड़कियों और महिलाओं ने महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 की जीत पर आधारित रंगोली बनाकर बेटियों की असीम क्षमता को दर्शाया।

संस्था अध्यक्ष ममता ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए बताया कि देव दीपावली भगवान शिव और मां पार्वती के विवाह के उपलक्ष्य में मनाई जाती है। इस दिन देवता स्वर्ग से पृथ्वी पर उतरते हैं और दीप जलाकर उनका स्वागत किया जाता है। यह पर्व जीवन में प्रकाश व ज्ञान की महत्ता सिखाता है तथा अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने का संदेश देता है।

इसी संदेश को आगे बढ़ाते हुए लड़कियों और महिलाओं ने महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 जीत थीम पर रंगोली सजाई, जिसमें वर्ल्ड कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम के सभी सदस्यों के नाम उकेरे गए। रंगोली के जरिए बेटियों में निहित शक्तियों को जन-जन तक पहुंचाया गया और साबित किया गया कि समान अवसर मिलने पर बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं रहतीं।

कार्यक्रम में भाग लेने वाली लड़कियों ने पूरे उत्साह से उत्कृष्ट रंगोली बनाई, जिसमें महिला क्रिकेट टीम की जीत की कहानी जीवंत हो उठी। संस्था संस्थापक विजय कुमार ने कहा, “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ मुहिम का लक्ष्य समाज में बेटियों के प्रति भेदभाव मिटाना और उन्हें समान अवसर देना है। महिला क्रिकेट टीम की वर्ल्ड कप जीत ने प्रमाणित कर दिया कि सही समर्थन से बेटियां देश का नाम रोशन कर सकती हैं।”

रंगोली बनाने वाली प्रतिभागियों में राजश्री साहनी, शिवानी कुमारी, जॉनसन बेबी, दिव्यांशी मौर्य, सरिता कुमारी, वंशिका, प्रीति, दिव्या बिंद, नुजहत बानो, स्नेहा, सोनी देवी, लक्ष्मी देवी, मंजू साहनी और अनामिका साहनी शामिल रहीं। संस्था अध्यक्ष ममता ने सभी को बधाई दी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम की सफलता में संस्था के विजय कुमार, रवि कुमार, सुमित बिंद और महबूब हसन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में राजश्री साहनी ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया। इस आयोजन ने न केवल बेटियों की सशक्तिकरण की अलख जगाई, बल्कि देव दीपावली के प्रकाश को सामाजिक जागरूकता से जोड़कर एक नया संदेश दिया।

By fourthpillarworld

अपने शहर के लेकर देश-दुनिया की राजनीतिक, समसामयिक, बॉलीवुड, खेल, धर्म, आध्यात्म और व्यापार जगत की ताजा-तारीन खबरों को Fourthpillarworld.com पर पढ़े. हमारे youtube, facebook एवं instagram चैनल को फॉलो करना ना भूलें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *