रिपोर्ट – गोपी गुप्ता
वाराणसी। मेयो कॉलेज, अजमेर द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की क्विज प्रतियोगिता में सनबीम लहरतारा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। देश के चुनिंदा और प्रतिष्ठित विद्यालयों के बीच हुए कड़े मुकाबले में सनबीम लहरतारा के सूर्यांश मिश्रा और श्रेयांशु महापात्रा ने अपनी क्विजिंग प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया और प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया।
सनबीम लहरतारा की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि विद्यालय ने लगातार चौथे वर्ष इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता का चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। चार वर्ष, चार चैंपियनशिप ने विद्यालय की क्विजिंग परंपरा को और मजबूत किया है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, यह सफलता केवल एक प्रतियोगिता में जीत नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में जिज्ञासा, ज्ञान और उत्कृष्टता को बढ़ावा देने वाली शैक्षणिक संस्कृति का परिणाम है। विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि दिलाई।
इस अवसर पर सनबीम शिक्षण समूह की निदेशिका अमृता बर्मन ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत केवल एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की लगन, मेहनत और बौद्धिक उत्कृष्टता का उत्सव है।
वहीं, सनबीम शिक्षण समूह के अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सनबीम लहरतारा की यह अद्भुत, गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक उपलब्धि संस्थान की उत्कृष्ट परंपरा और छात्रों की असाधारण प्रतिभा का सशक्त प्रमाण है।
उपाध्यक्ष भारती मधोक ने भी विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने जिस उत्कृष्टता, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रतिष्ठित ट्रॉफी पर विजय प्राप्त की है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने इस सफलता के लिए सभी अभिभावकों को भी विशेष बधाई दी
सनबीम लहरतारा की लगातार चौथी राष्ट्रीय क्विज चैंपियनशिप ने विद्यालय की शैक्षणिक और क्विजिंग उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है।
