श्री चिंतामणि गणेश मंदिर में वार्षिक श्रृंगार पर सजा संगीत का मंच, विभिन्न क्षेत्रों की विभूतियां सम्मानित
रिपोर्ट: गोपीगप्ता
वाराणसी। केदार घाट रोड स्थित श्री चिंतामणि गणेश मंदिर में भगवान श्री गणेश के वार्षिक श्रृंगार के अवसर पर शुक्रवार, 25 सितंबर की शाम भव्य संगीत-गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। शाम 7 बजे शुरू हुए समारोह में संगीत, पत्रकारिता, खेल, चिकित्सा, समाजसेवा और शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिष्ठित विभूतियों को सम्मानित किया गया।

आयोजकों के अनुसार, भगवान श्री चिंतामणि गणेश जी के आशीर्वाद से आयोजित इस सारस्वत समारोह में देश-प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं और संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम में शहनाई, शास्त्रीय गायन, ध्रुपद, कथक, सितार वादन, भजन और कर्नाटक शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियां हुईं।
समारोह का आयोजन अनंत श्री विभूषित जगद्गुरु शंकराचार्य श्रृंगेरी शारदापीठाधीश्वर 1008 श्री श्री भारती तीर्थ जी महाराज एवं उनके उत्तराधिकारी शिष्य अनंत श्री विभूषित जगद्गुरु शंकराचार्य श्री विधुशेखर भारती जी के शुभाशीर्वाद से किया गया।

इन विभूतियों को किया गया सम्मानित
सम्मान समारोह में प्रो. बिहारीलाल शर्मा, प्रसिद्ध विद्वान एवं कुलपति, सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी; श्री मोहित अग्रवाल, आईपीएस, पुलिस आयुक्त, वाराणसी; पं. भोलानाथ मिश्रा, प्रसिद्ध तबला वादक; डा. अमिताभ वट व्याल, प्रसिद्ध होम्योपैथ चिकित्सक; श्री रामानंद तिवारी, समाजसेवी एवं पुस्तक लेखक तथा श्री शशि कुमार सिंह, बॉक्सिंग चैम्पियन एवं नेशनल कोच को सम्मानित किया गया।
कलाकारों ने दीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
संगीत समारोह में श्री मोहन लाल एंड पार्टी ने शहनाई वादन की प्रस्तुति दी। श्रीमती पूनम वर्मा ने शास्त्रीय गायन प्रस्तुत किया। श्री निनाद झा एवं श्री आदित्य दीप ने पखावज एवं ध्रुपद गायन से अपनी प्रस्तुति दी। डा. अर्चना महाष्कर ने भजन गायन किया, जबकि श्रीमती अर्पिता अग्रहरि एवं श्री विशाल सिंह ने कथक युगलबंदी प्रस्तुत की।

इसके अलावा श्री भागीरथ जालान ने शास्त्रीय गायन, श्रेयीषी मिश्रा, सुश्री मांडवी मिश्रा एवं ग्रुप ने कथक नृत्य, कु. अदिति चटर्जी एवं शिल्पा राय ने कथक नृत्य और श्री अमित मिश्रा ने सितार वादन की प्रस्तुति दी। श्री वेमुरी वेंकट विश्वनाथ ने कर्नाटक शास्त्रीय गायन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में विभिन्न कलाकारों ने संगत कर प्रस्तुतियों को सहयोग प्रदान किया। तबला संगत में पं. कुबेरनाथ मिश्र, श्री श्रीकांत मिश्र, श्री सिद्धार्थ मिश्र, श्री शिवम मिश्र एवं श्री ललित जी ने सहयोग किया। हारमोनियम पर श्री हर्षित, श्री अश्विनी मिश्रा, श्री मोहित सहानी एवं श्री शक्ति मिश्रा ने संगत की। सारंगी पर श्री ओम सहाय तथा मृदंग पर श्री बी. सत्यवर प्रसाद ने सहयोग किया।
समारोह के निवेदक डा. गौतम चक्रवर्ती, प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं महंत चल्ला सुब्बाराव शास्त्री, श्री चिंतामणि गणेश मंदिर, केदार घाट रहे। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, कलाकार, संगीतप्रेमी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। भगवान श्री चिंतामणि गणेश के वार्षिक श्रृंगार के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में संगीत और सम्मान समारोह के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।
