रिपोर्ट – गोपी गुप्ता

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के मुख्य गेट पर उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब सुरक्षा कर्मियों द्वारा एक व्यक्ति को फोटो खींचने से रोकने को लेकर कहासुनी हो गई। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों पर अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बीएचयू गेट पर सुरक्षा कर्मचारी डंडा लेकर तैनात थे। इसी बीच एक व्यक्ति अपने कार्य के सिलसिले में वहां की तस्वीरें ले रहा था। आरोप है कि मौके पर मौजूद मीडिया प्रभारी ने उसे फोटो खींचने से मना करते हुए वहां से हटने को कहा।

बताया जा रहा है कि जब संबंधित व्यक्ति ने अपना काम करने की बात कही, तो एक सुरक्षा कर्मी ने उससे पहचान पत्र दिखाने को कहा। व्यक्ति का आरोप है कि जैसे ही वह आईडी दिखाने लगा, उसी दौरान सुरक्षा कर्मी ने कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया।

घटना के दौरान कुछ देर के लिए मौके पर तनाव का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुरक्षा कर्मियों को संयमित व्यवहार करना चाहिए था और इस तरह की स्थिति से बचना चाहिए था।

घटना के बाद संबंधित व्यक्ति ने मामले की शिकायत करने की बात कही है। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। शिकायत दर्ज होने के बाद जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *