वाराणसी। सुसुवाही स्थित नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भारतीय नौसेना के भूतपूर्व कमांडर श्री त्रिभुवन सिंह, विद्यालय प्रबंधक श्री राजेश कुमार राय, उपाध्यक्ष श्री प्रवीण राय, प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय, वरिष्ठ समन्वयक सुश्री सत्यप्रिया सिंह एवं कनिष्ठ समन्वयक श्री असीम कुमार घोषाल ने मां सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया।

इसके बाद मुख्य अतिथि एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। हेड बॉय हर्ष विश्वकर्मा के नेतृत्व में चारों सदनों के विद्यार्थियों ने तिरंगे को सलामी देते हुए देशभक्ति के नारे लगाए। छात्रा गार्विता वैष्णवी ने ‘वंदे मातरम्’ नृत्य प्रस्तुत कर राष्ट्रवंदना की।

प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्तमान परिवेश में सभी को एकजुट होकर अपनी सभ्यता और संस्कृति की धरोहर को संरक्षित करना होगा। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र गौरव को बनाए रखने और देश को प्रगति के मार्ग पर आगे ले जाने के लिए जागरूक एवं कर्मठ बनने का आह्वान किया।

ध्वजारोहण के बाद केशव सभागार में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, भाषण, नृत्य-नाटिका और योग प्रदर्शन से दर्शकों का मन मोह लिया। नर्सरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं। हिंदी, संस्कृत और अंग्रेजी में रीता, आस्था एवं आशुतोष ने भाषण प्रस्तुत किए।

कक्षा 3 से 5 तथा कक्षा 6 से 10 के विद्यार्थियों ने नाट्य प्रस्तुतियां दीं। नंदिनी एवं आरुषि समूह के योग प्रदर्शन के साथ ‘रंग मेरा भारत’ और ‘ये देश मेरा’ जैसे देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों ने सभागार को देशप्रेम के रंग में सराबोर कर दिया।

मुख्य अतिथि भूतपूर्व कमांडर श्री त्रिभुवन सिंह ने विद्यालय के अनुशासन और विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने बच्चों को देश, समाज और परिवार के प्रति अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने का संदेश देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन कर देश को ऊर्जावान एवं समृद्ध भविष्य प्रदान

करे।

कार्यक्रम के अंत में निदेशक एवं प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने छोटे बच्चों को मिष्ठान वितरित कर उन्हें आशीर्वाद दिया। वरिष्ठ समन्वयक सुश्री सत्यप्रिया सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ। मंच संचालन छात्रा सृष्टि और छात्र ओम ने किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

By fourthpillarworld

अपने शहर के लेकर देश-दुनिया की राजनीतिक, समसामयिक, बॉलीवुड, खेल, धर्म, आध्यात्म और व्यापार जगत की ताजा-तारीन खबरों को Fourthpillarworld.com पर पढ़े. हमारे youtube, facebook एवं instagram चैनल को फॉलो करना ना भूलें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *