रिपोर्ट- पवन आजाद 

मुगलसराय। कोतवाली क्षेत्र के जायसवाल स्कूल, लाठ नंबर-2 में बुधवार देर रात 48 वर्षीय गुड्डू गुप्ता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान स्वर्गीय जंगी साव गुप्ता के बड़े पुत्र गुड्डू गुप्ता (48) के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह पड़ोसियों ने मकान की दूसरी मंजिल के बरामदे में दुपट्टे के सहारे उनका शव फंदे से लटका देखा। पड़ोसियों ने तत्काल वार्ड नंबर 19 के सभासद महेंद्र पटेल को सूचना दी, जिन्होंने पुलिस को जानकारी दी।

यह घटना इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसी मकान में दो साल पहले 11 मई को मृतक के छोटे भाई कमलेश गुप्ता उर्फ राजू और बहन अंजू गुप्ता उर्फ गुड़िया ने तीसरी मंजिल पर एक साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

जानकारी के अनुसार, गुड्डू गुप्ता पिछले कुछ समय से घर में अकेले रह रहे थे। उनकी पत्नी कई वर्षों से मायके में अलग रह रही थीं। वह इधर-उधर घूमकर अपना जीवन यापन करते थे। करीब 10 साल पहले उनके माता-पिता की भी मृत्यु हो चुकी है। तीन भाइयों में से एक, रवि गुप्ता उर्फ विष्णु, वर्तमान में वाराणसी के एक नशा मुक्ति केंद्र में हैं।

मृतक के जीजा श्री प्रकाश गुप्ता ने बताया कि गुड्डू दो दिन पहले उनके घर गए थे और उनकी तबीयत बहुत खराब थी। उन्हें लीवर में सूजन और काफी कमजोरी थी, जिसके लिए उन्हें 12 घंटे अस्पताल में भर्ती कराकर पानी चढ़ाया गया था।

कूड़ा बाजार चौकी इंचार्ज ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *