वाराणसी: राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन, उत्तर प्रदेश के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर जनपद शाखा वाराणसी द्वारा विद्युत व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर Electronic के माध्यम से प्रबंध निदेशक, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में वितरण परिवर्तकों की बढ़ती क्षतिग्रस्ता, अवर अभियंताओं एवं प्रोन्नत अभियंताओं के खिलाफ हो रही दंडात्मक कार्यवाहियों तथा विद्युत व्यवस्था के संचालन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को प्रमुखता से उठाया गया।
संगठन ने कहा कि बिना पर्याप्त संसाधन, सुरक्षा उपकरण और आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराए विद्युत व्यवस्था का संचालन कराया जा रहा है, जिससे ट्रांसफार्मरों के खराब होने और दुर्घटनाओं की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि वितरण परिवर्तकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए तथा तकनीकी मानकों के अनुरूप आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
संगठन ने अवर अभियंताओं और विद्युत कर्मचारियों के विरुद्ध बिना समुचित जांच की जा रही दंडात्मक कार्यवाहियों पर तत्काल रोक लगाने की भी मांग उठाई। साथ ही जले हुए ट्रांसफार्मरों की ऑन साइट मरम्मत के लिए पर्याप्त कार्यदायी संस्थाएं, आवश्यक सामग्री और आधुनिक टी एंड पी उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
ज्ञापन में विद्युत उपकेंद्रों और लाइनों के अनुरक्षण कार्यों हेतु प्रशिक्षित मैनपावर की उपलब्धता, सुरक्षा मानकों के सख्त अनुपालन तथा फील्ड कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी शामिल रही। संगठन ने अवर अभियंताओं के रिक्त पदों को शीघ्र भरने और फील्ड में व्यावहारिक कार्य व्यवस्था लागू करने पर भी जोर दिया।
संगठन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो विद्युत व्यवस्था और उपभोक्ता सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने शासन और प्रबंधन से संवर्ग हितों की रक्षा करते हुए सकारात्मक एवं व्यावहारिक निर्णय लेने की अपील की।
इस दौरान केंद्रीय उपमहासचिव ई. दीपक गुप्ता, जनपद अध्यक्ष ई. सतीश बिंद, क्षेत्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष ई. अभिषेक मौर्य, क्षेत्रीय लेखा निरीक्षक ई. लालब्रत, जनपद सचिव ई. ज्योति भास्कर सिन्हा, ई. विशाल श्रीवास्तव, ई. पीयूष कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में अवर अभियंता एवं प्रोन्नत अभियंता उपस्थित रहे।
