रिपोर्ट – पवन आजाद

वाराणसी। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा सोमवार को धार्मिक नगरी वाराणसी पहुंचे। वे विशेष विमान से लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर पहुंचे, जहां प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

उपराज्यपाल के आगमन को लेकर एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस और खुफिया एजेंसियों की टीमों ने पहले से ही पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी थी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत एयरपोर्ट के अंदर और बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

इस दौरान प्रोटोकॉल प्रभारी एवं भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा काशी प्रांत के क्षेत्र उपाध्यक्ष शैलेश पाण्डेय भी एयरपोर्ट पर मौजूद रहे और उन्होंने उपराज्यपाल का स्वागत किया। उनके साथ भाजपा के कई पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

सूत्रों के अनुसार, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा का काशी दौरा धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेने के उद्देश्य से निर्धारित है। संभावना जताई जा रही है कि वे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर सकते हैं तथा कुछ प्रशासनिक और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में भी शामिल हो सकते हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि उपराज्यपाल के दौरे को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए हैं।

स्थानीय राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने भी उनके आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे काशी तथा जम्मू-कश्मीर के बीच सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक संबंधों को मजबूत करने वाला कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *