वाराणसी। दानियालपुर स्थित सोनातालाब में संचालित विश्वकर्मा मार्शल आर्ट्स संस्था की ओर से रविवार को आयोजित ब्लैक बेल्ट सम्मान समारोह में पांच वरिष्ठ खिलाड़ियों को कॉम्बैट कराटे की ब्लैक बेल्ट और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में प्रशिक्षक एवं संस्था के निदेशक रमाशंकर विश्वकर्मा को भी उनके योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. सुनील कुमार विश्वकर्मा, डॉ. मेजर अरविंद कुमार सिंह, कारगिल योद्धा अजय कुमार सिंह तथा स्थानीय पार्षद जितेंद्र कुमार कुशवाहा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने कराटे की विभिन्न तकनीकों और आत्मरक्षा कौशल का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित कर लोगो को इसका महत्व दर्शाया।
संस्था के निदेशक रमाशंकर विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मार्शल आर्ट्स केवल आत्मरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती विकसित करने का भी महत्वपूर्ण साधन माना जाता हैं। उन्होंने बताया कि ब्लैक बेल्ट प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों ने लंबे समय तक कठिन अभ्यास और निरंतर मेहनत के बाद यह उपलब्धि हासिल की है।

संस्था के उपाध्यक्ष गोविंद विश्वकर्मा ने प्रशिक्षण प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह सफलता प्राप्त की है। उन्होंने अभिभावकों के सहयोग की भी सराहना की और कहा कि बच्चों की उपलब्धियों में परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
समारोह में पलक विश्वकर्मा, साधना गुप्ता, खुशी राजभर, करन भारद्वाज और रेहान अंसारी को कॉम्बैट कराटे की ब्लैक बेल्ट और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने के बाद पूरे सभागार में तालियों की गूंज सुनाई दी और उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि प्रो. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास तथा नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास जारी रखने और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
कारगिल योद्धा अजय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि जीवन में चुनौतियां अवश्य आती हैं, लेकिन कठिन परिस्थितियों में साहसपूर्वक सामना करने वाला व्यक्ति ही सफलता प्राप्त करता है। उन्होंने देशभक्ति और अनुशासन को जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताया।
डॉ. मेजर अरविंद कुमार सिंह ने समय के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि सफलता के लिए समय का सदुपयोग और नियमित मेहनत आवश्यक है। उन्होंने खिलाड़ियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
स्थानीय पार्षद जितेंद्र कुमार कुशवाहा ने संस्था की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण केंद्र बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने संस्था को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। समारोह में संस्था के वरिष्ठ और जूनियर खिलाड़ी, उनके अभिभावक तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विवेक विश्वकर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संस्था के उपाध्यक्ष गोविंद विश्वकर्मा ने प्रस्तुत किया।
वाराणसी के विश्वकर्मा मार्शल आर्ट्स में आयोजित समारोह में पांच खिलाड़ियों को कॉम्बैट कराटे की ब्लैक बेल्ट प्रदान की गई। प्रशिक्षक रमाशंकर विश्वकर्मा भी सम्मानित हुए।

