रिपोर्ट – पवन आजाद 

वाराणसी। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर सुसुवाही क्षेत्र में डॉ. भीमराव जन जागरूकता समिति के तत्वाधान में भव्य धम्म यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जुलूस के रूप में अंबेडकर पार्क, सुसुवाही तक पहुंचे।

जुलूस के रूप में निकली धम्म यात्रा, अंबेडकर पार्क में हुआ समापन

धम्म यात्रा सुसुवाही क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होते हुए निकाली गई, जिसमें शामिल लोग बाबा साहब के विचारों और सामाजिक संदेशों से जुड़े बैनर और झंडे लेकर चल रहे थे। यात्रा का समापन अंबेडकर पार्क, सुसुवाही में हुआ, जहां सभी प्रतिभागी एकत्रित हुए और बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

पार्षद सुरेश पटेल उर्फ गुड्डू ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

इस अवसर पर सुसुवाही के पार्षद सुरेश पटेल उर्फ गुड्डू ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम को गति प्रदान की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही सामाजिक समानता और न्याय स्थापित किया जा सकता है।

समिति पदाधिकारियों ने भेंट की डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष पर आधारित पुस्तक

कार्यक्रम के दौरान समिति के पदाधिकारियों द्वारा पार्षद सुरेश पटेल उर्फ गुड्डू को डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष पर आधारित एक पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने “बाबा साहब अमर रहें” के नारों के साथ वातावरण को गुंजायमान कर दिया।

कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित

इस कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष डॉ. एस.के. भारती, डॉ. नरसिंह राम, डॉ. प्रधान सर, रमेश निगम, शैलेश वर्मा, सुभाष, बांकेलाल, राजेश, मिंतलाल, बबलू, प्रमोद सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

सामाजिक जागरूकता और एकता का दिया संदेश

आयोजकों ने बताया कि धम्म यात्रा का उद्देश्य समाज में शिक्षा, समानता और अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *