बाबतपुर एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का स्वागत,भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने किया अभिनंदन, 25 अक्टूबर को नमो घाट पर होने वाले वायुसेना के एयर शो में शामिल होने का भी कार्यक्रम
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शनिवार को वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। स्वागत करने वालों में गुड्डू महाराज, आशु सिंह, जितेंद्र, अमन और भूपेंद्र सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं एयरपोर्ट पर पार्टी के प्रोटोकॉल प्रभारी शैलेश पांडेय भी उपस्थित रहे।
एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक चंदौली जिले के सैयदराजा क्षेत्र के लिए रवाना हुए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वहां धानापुर स्थित दशमी तालाब परिसर में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज की ओर से आयोजित संगीतमय श्रीराम कथा का शनिवार को समापन होना है। सैयदराजा से भाजपा विधायक सुशील सिंह के निमंत्रण पर उपमुख्यमंत्री के इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने का कार्यक्रम है।
25 अक्टूबर को नमो घाट पर एयर शो में होंगे शामिल
चंदौली में कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उपमुख्यमंत्री के वाराणसी लौटने और रात्रि विश्राम करने की जानकारी है। इसके बाद 25 अक्टूबर को नमो घाट पर आयोजित भारतीय वायुसेना के एयर शो में उनके शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी वाराणसी पहुंचने का प्रस्तावित कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के हवाई करतब देखने के साथ मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां में अरविंद मिल की नई इकाई का उद्घाटन भी करेंगे।
एयर शो को लेकर तैयारियां तेज
नमो घाट पर आयोजित होने वाले एयर शो और प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए वाराणसी में प्रशासनिक तैयारियां तेज हैं। कार्यक्रम में केंद्र और प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों के भी पहुंचने की संभावना है।
फिलहाल, बाबतपुर एयरपोर्ट पर उपमुख्यमंत्री के स्वागत के दौरान भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। वहीं, चंदौली में श्रीराम कथा और वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो को लेकर राजनीतिक और धार्मिक गतिविधियां चर्चा में हैं।
