वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) अपने गौरवशाली इतिहास में एक और अध्याय जोड़ने जा रहा है। विश्वविद्यालय 12 दिसंबर 2025 को अपना 105वां दीक्षांत समारोह भव्य रूप से आयोजित करेगा। तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है और इस बार कुल 13,450 छात्रों को डिग्रियाँ प्रदान की जाएंगी। मुख्य समारोह प्रातः 11 बजे स्वातंत्र्य भवन में होगा, जिसमें देश के वरिष्ठ रक्षा वैज्ञानिक, नीति आयोग के सदस्य एवं जेएनयू के कुलाधिपति डॉ. विजय कुमार सारस्वत मुख्य अतिथि होंगे।

बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता का बड़ा उत्सव है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मंच से 29 पदक प्रदान किए जाएंगे। इनमें 2 चांसलर पदक, 2 स्वर्गीय महाराजा विभूति नारायण सिंह स्वर्ण पदक तथा 25 बीएचयू पदक शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दीक्षांत समारोह केवल परंपरा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के वर्षों की मेहनत, सपनों और उपलब्धियों का उत्सव है। कुलपति ने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय के आधिकारिक अलुमनाई पोर्टल से जुड़कर आजीवन बीएचयू परिवार का हिस्सा बने रहने की अपील की।

परीक्षा नियंता प्रो. सुषमा घिल्डियाल ने बताया कि दीक्षांत समारोह में परंपरागत पोशाक, साफा और उत्तरिया का वितरण संकाय स्तर पर सुव्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है ताकि भीड़भाड़ और अव्यवस्था की स्थिति न बने। विश्वविद्यालय प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक विद्यार्थी को गरिमामय अनुभव मिले।

मुख्य अतिथि डॉ. वी.के. सारस्वत देश के रक्षा एवं वैज्ञानिक क्षेत्र के अग्रणी चेहरों में से एक हैं। DRDO में सचिव रहते हुए उन्होंने भारत के मिसाइल विकास कार्यक्रम पृथ्वी, धनुष, प्रहार और अग्नि-5 को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। उन्होंने दो-स्तरीय बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस सिस्टम, साइबर सुरक्षा अनुसंधान केंद्र की स्थापना, आईएनएस अरिहंत परियोजना और परमाणु परिसंपत्तियों की रणनीतिक रूपरेखा के विकास में भी अहम भूमिका निभाई है। उनके योगदान को देखते हुए उन्हें पद्मश्री (1998) और पद्मभूषण (2013) से सम्मानित किया जा चुका है।

मुख्य समारोह के बाद 12 से 14 दिसंबर तक विभिन्न संकायों और संस्थानों में उपाधि वितरण कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस वर्ष 7,364 स्नातक, 5,459 स्नातकोत्तर, 712 पीएचडी, 4 एम.फिल तथा चिकित्सा संकाय में डॉ. ऑफ साइंस की उपाधि दी जाएगी। कुल 554 पदक संकाय स्तर पर वितरित किए जाएंगे।

समारोह का लाइव प्रसारण बीएचयू की आधिकारिक वेबसाइट और YouTube चैनल पर उपलब्ध रहेगा। बीएचयू का यह 105वां दीक्षांत समारोह एक बार फिर शिक्षा, शोध और नवाचार के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता का भव्य प्रदर्शन करेगा।


By fourthpillarworld

अपने शहर के लेकर देश-दुनिया की राजनीतिक, समसामयिक, बॉलीवुड, खेल, धर्म, आध्यात्म और व्यापार जगत की ताजा-तारीन खबरों को Fourthpillarworld.com पर पढ़े. हमारे youtube, facebook एवं instagram चैनल को फॉलो करना ना भूलें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *