रिपोर्ट : आर. के. गुप्ता
वाराणसी: मिर्जामुराद क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की सुबह एक 17 वर्षीय किशोरी के साथ छेड़खानी व मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी किशोरी को अधमरी हालत में झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया। परिजनों की सूचना पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार किशोरी सोमवार की सुबह करीब 4:30 बजे शौच के लिए खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान मिर्जापुर जिले के नारायणपुर (जमुआ) गांव निवासी अमित कुमार बिंद नामक युवक ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि उसने पीछे से पकड़कर किशोरी के साथ छेड़खानी की और विरोध करने पर मारपीट कर अधमरा कर बेहोशी हालत में बांस की झाड़ियों में फेंक दिया।
काफी देर तक घर न लौटने पर परिजन उसकी तलाश में निकले। खोजबीन के दौरान किशोरी खेत के पास बांस के झंखाड़ में अधमरी हालत में पड़ी मिली। परिजन उसे तत्काल एक निजी चिकित्सालय ले गए। जहां होश आने पर उसने आपबीती सुनाई।
घटना के बाद पीड़िता के चाचा ने मिर्जामुराद थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
अज्ञात वाहन के चपेट में आने से बाइक सवार घायल
मिर्जामुराद। क्षेत्र के गौर बंगला स्थित नेशनल हाईवे के सर्विस रोड पर रविवार की देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
बेनीपुर (मिर्जामुराद) निवासी कुलबुल प्रसाद (25) अपनी बाइक से मिर्जामुराद से खजूरी की ओर नेशनल हाईवे के सर्विस रोड पर विपरीत दिशा से चल रहे थे। तभी किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गएघटना की जानकारी मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंच घायल को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
