प्रयागराज हत्याकांड का खुलासा: डेढ़ करोड़ के जेवरात के लिए बेटे ने रची साजिश
प्रयागराज। संगम नगरी प्रयागराज के साउथ मलाका इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि डेढ़ करोड़ रुपये के जेवरात की लालच में बेटे अभिषेक वैश्य ने अपने दोस्त सनी गुप्ता के साथ मिलकर अपने ही माता-पिता और बहन की हत्या कर दी। बाद में लूटे गए जेवरात के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद सनी गुप्ता ने अभिषेक की भी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक अभिषेक आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और उसका अपने पिता वीरेंद्र वैश्य से अक्सर विवाद होता था। बताया गया कि कुछ वर्ष पहले पिता ने उसे संपत्ति से बेदखल कर दिया था। इसी रंजिश और लालच में अभिषेक ने अपने दोस्त सनी गुप्ता के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
योजना के तहत रविवार को सनी गुप्ता को घर बुलाया गया। दोनों ने पहले घर में बैठकर बीयर पी और फिर लोहे की रॉड से वीरेंद्र वैश्य (70), उनकी पत्नी अनीता वैश्य (65) और बेटी मीनाक्षी (40) की हत्या कर दी। इसके बाद घर में रखे करीब डेढ़ करोड़ रुपये के जेवरात लूट लिए गए।
हालांकि वारदात के बाद जेवरात के बंटवारे को लेकर अभिषेक और सनी के बीच विवाद हो गया। पुलिस के मुताबिक इसी दौरान सनी गुप्ता ने अभिषेक पर भी रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के अगले दिन वह घर के बाहर ताला लगाकर जेवरात लेकर फरार हो गया।
पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस को पहले तीन शव मिले थे। जांच के दौरान घर के दूसरे कमरे से अभिषेक का शव भी बरामद हुआ। सर्विलांस और कॉल डिटेल की मदद से सनी गुप्ता तक पुलिस पहुंची। पूछताछ में आरोपी ने पूरे हत्याकांड की साजिश और जेवरात लूटने की मंशा कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और लूटे गए जेवरात की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है।
