अधिवक्ता पर फायरिंग के बाद भड़के वकील, लंका थाने का किया घेराव,जमीन कब्जे के विवाद में बवाल, अधिवक्ता ने लगाया फायरिंग और मारपीट का आरोप

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के सीर गोवर्धनपुर में जमीन विवाद को लेकर एक अधिवक्ता पर कथित जानलेवा हमला और फायरिंग की घटना सामने आई है। घटना के बाद अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में वकीलों ने लंका थाने पहुंचकर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घेराव किया।

जानकारी के अनुसार अधिवक्ता सुरेंद्र यादव रविवार दोपहर अपने मित्र शैलेन्द्र कुमार राय के साथ काशीपुत्र कॉलोनी स्थित प्लॉट पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने देखा कि प्लॉट तक जाने वाले रास्ते को ईंटों की दीवार बनाकर बंद कर दिया गया है। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।

पीड़ित का आरोप है कि जमीन पर कब्जे की नीयत से पहुंचे लोगों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और विवाद के दौरान फायरिंग कर दी। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी, लेकिन घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की गई, जिससे उन्हें और उनके साथी को चोटें आईं।

घटना के दौरान मौजूद लोगों ने एक आरोपित को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद अधिवक्ताओं की भीड़ लंका थाने पहुंच गई और दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी की मांग करने लगी।

पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एडीसीपी वैभव बांगर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। कार्रवाई करते हुए गिरधारी सिंह पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *