वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बाराडीह स्थित मछहा गांव में सोमवार दोपहर बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। आग की चपेट में आने से एक गाय की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार भैंसें गंभीर रूप से झुलस गईं। वहीं आग पास के एक घर तक पहुंच गई, जिससे उसमें रखा खाद्यान्न और घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार मछहा गांव निवासी लालमन राम की मड़ई में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और बगल में स्थित नगीना देवी के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बाल्टी, पाइप व अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों के काफी प्रयास के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका।

हालांकि तब तक मड़ई में बंधी एक गाय गंभीर रूप से झुलसने के कारण दम तोड़ चुकी थी, जबकि चार भैंसें बुरी तरह झुलस गईं। पशुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पीड़ित लालमन राम ने बताया कि आग में उनकी मड़ई, सगड़ी और अन्य घरेलू सामान भी जलकर नष्ट हो गया। उन्होंने बताया कि मृत गाय की कीमत करीब 90 हजार रुपये थी।

वहीं नगीना देवी ने बताया कि आग की लपटों से उनके घर में रखा गेहूं, चावल, सरसों समेत अन्य खाद्य सामग्री जल गई, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा।

घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू किया। वहीं दमकल विभाग की टीम सूचना के काफी देर बाद पहुंची, लेकिन तब तक ग्रामीण आग पर काबू पा चुके थे।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो पूरा गांव इसकी चपेट में आ सकता था और बड़ा हादसा हो सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *