वाराणसी। आध्यात्मिक नगरी वाराणसी में शनिवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार पूरी श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह होते ही शहर की ईदगाहों और मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। लोगों ने अल्लाह की इबादत कर मुल्क में अमन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी।

बड़ी ईदगाह समेत नई सड़क, लल्लापुरा, मदनपुरा, बजरडीहा, दालमंडी, चौक, पीलीकोठी, आदमपुर और शिवाला क्षेत्र की मस्जिदों में बड़ी संख्या में लोगों ने ईद की नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी। बच्चों और युवाओं में त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

त्योहार को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। कई स्थानों पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की गई। वरिष्ठ अधिकारी लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

नमाज के बाद लोगों ने कुर्बानी की रस्म अदा की और जरूरतमंदों के बीच मदद व सहयोग का संदेश दिया। मुस्लिम धर्मगुरुओं ने कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, इंसानियत और भाईचारे का पर्व है, जो समाज को एकजुट रहने की सीख देता है

बकरीद को लेकर शहर के बाजारों में भी दिनभर रौनक बनी रही। सेवइयां, मिठाइयां और अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखने को मिली। त्योहार शांतिपूर्ण ढंग सेसंपन्न होने पर प्रशासन ने नागरिकों के सहयोग की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *