कपसेठी क्षेत्र के नेवादा गांव के सामने वाराणसी-भदोही मार्ग पर रविवार दोपहर एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊपरवार गांव निवासी 22 वर्षीय अभिषेक कुमार शर्मा पुत्र सतेंद्र कुमार उर्फ गामा शर्मा किसी कार्य से कपसेठी थाना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नेवादा गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल युवक को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक अभिषेक त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाथी बाजार भिजवाया।
चिकित्सकों ने युवक की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर बीएचयू रेफर कर दिया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की तलाश की जा रही है।
