वाराणसी। कमिश्नरेट के थाना बड़ागाँव पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन” अभियान के तहत माल मुकदमाती एवं लावारिस वाहनों की नीलामी प्रक्रिया सफलतापूर्वक सम्पन्न कराई गई। यह कार्रवाई माननीय न्यायालय एसीजे-4/जेडी वाराणसी के आदेश के अनुपालन में की गई।
नीलामी प्रक्रिया श्री प्रतीक कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त पिण्डरा, गोमती ज़ोन कमिश्नरेट वाराणसी के नेतृत्व में सम्पन्न हुई। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक बड़ागाँव श्री प्रवीण कुमार सिंह, एसआई एमटी शाखा प्रभारी श्री संजीव कुमार सिंह तथा मुख्य आरक्षी नन्द लाल यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

थाना बड़ागाँव पर निरुद्ध कुल 22 माल मुकदमाती एवं लावारिस वाहनों की नीलामी से पूर्व दैनिक समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराया गया था। नीलामी प्रक्रिया में सभी 22 वाहनों का मूल्यांकन किया गया, जिसमें सर्वाधिक बोली ₹4,75,000/- लगाई गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार “ऑपरेशन क्लीन” अभियान का उद्देश्य थानों में लंबे समय से खड़े लावारिस एवं मुकदमाती वाहनों का नियमानुसार निस्तारण कर थाना परिसर को व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाए रखना है।
