वाराणसी में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह: 94 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे, सरकार ने दिए उपहार और आर्थिक सहयोग

वाराणसी। सेवापुरी आदर्श विकास खंड मुख्यालय पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कुल 94 नवविवाहित जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इनमें 91 हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के बीच हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न कराया गया, जबकि तीन मुस्लिम जोड़ों का निकाह मुस्लिम परंपरा के अनुसार मौलवी द्वारा कराया गया।

कार्यक्रम की देखरेख खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह एवं समाज कल्याण विभाग के सहायक विकास अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह ने की। विवाह समारोह के दौरान वर-वधुओं ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और अग्नि के समक्ष सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह मौजूद रहे। वहीं सेवापुरी विधायक नील रतन पटेल की प्रतिनिधि अदिति सिंह पटेल, जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र प्रसाद, हर्षवर्धन सिंह और संदीप मिंटू सहित कई जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों पर पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद दिया।

इस दौरान सरकार की ओर से नवविवाहित जोड़ों को पायल, बिछुआ, फैन, ट्रॉली बैग, कुकर, डिनर सेट, साड़ी, कढ़ाई, डनलप गद्दा, तकिया, रजाई और मिष्ठान समेत अन्य घरेलू उपयोग के सामान उपहार स्वरूप प्रदान किए गए। साथ ही विवाह प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

एमएलसी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब और असहाय परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायक साबित हो रही है और समाज में सकारात्मक संदेश दे रही है।

समाज कल्याण विभाग के सहायक विकास अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के विवाह पर सरकार द्वारा कुल एक लाख रुपये खर्च किए जाते हैं। इसमें 40 हजार रुपये का घरेलू सामान और 60 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि वधू के बैंक खाते में आरटीजीएस के माध्यम से भेजी जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस विवाह समारोह के लिए कुल 159 जोड़ों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें जांच के दौरान 64 जोड़े अपात्र पाए गए, जबकि दो जोड़े किसी कारणवश समारोह में शामिल नहीं हो सके।

कार्यक्रम के अंत में दोनों पक्षों से आए बारातियों और अतिथियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। समारोह का संचालन अभिषेक कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने दिया।

इस अवसर पर एमएलसी प्रतिनिधि मिंटू सिंह, प्रधान घनश्याम यादव, नोडल अधिकारी नीतीश कुमार राय, सुजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *