चंदौली: जनपद में पिछले 48 घंटों से दहशत का पर्याय बने ट्रिपल मर्डर आरोपी गुरप्रीत सिंह का सोमवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में अंत हो गया। सकलडीहा थाना क्षेत्र के दरियापुर इलाके में घटना का रिक्रिएशन कराने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के अनुसार, आरोपी गुरप्रीत सिंह ने महज दो दिनों के भीतर तीन सनसनीखेज हत्याओं को अंजाम देकर पूरे जिले और रेलवे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मचा दिया था। आरोपी ने पहले दो अलग-अलग ट्रेनों—एक पैसेंजर ट्रेन और जम्मूतवी एक्सप्रेस—में यात्रियों की गोली मारकर हत्या की थी। इसके बाद सोमवार सुबह अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती महिला मरीज की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
अस्पताल में लोगों ने दबोचा था आरोपी
महिला मरीज की हत्या के बाद अस्पताल में मौजूद लोगों और स्थानीय नागरिकों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस लगातार उससे पूछताछ कर रही थी और घटनाओं से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे थे।
रिक्रिएशन के दौरान छीनी पिस्टल
एसपी आकाश पटेल ने बताया कि पुलिस आरोपी को घटनास्थलों पर ले जाकर वारदात का रिक्रिएशन कर रही थी। पहले उसे मुगलसराय स्टेशन और फिर कुचमन रेलवे स्टेशन के पास ले जाया गया। इसी दौरान आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी को दो गोलियां लगीं। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सेना से हो चुका था पदच्युत
पुलिस जांच में सामने आया कि गुरप्रीत सिंह पंजाब के अमृतसर का निवासी था और पहले भारतीय सेना में कार्यरत था। वर्ष 2021 में उसे सेना से पदच्युत कर दिया गया था। हाल ही में वह बिहार के आरा में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था, लेकिन शराब की लत के कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी नशे की हालत में बिना किसी स्पष्ट वजह के लोगों को निशाना बना रहा था। पूछताछ में अब तक किसी व्यक्तिगत रंजिश की जानकारी सामने नहीं आई है।
हथियार बरामद, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक रिवॉल्वर और काटकर छोटा की गई डबल बैरल गन बरामद की है। डबल बैरल गन का लाइसेंस भी बरामद हुआ है। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।
लगातार तीन हत्याओं से पूरे चंदौली जनपद और रेलवे सुरक्षा एजेंसियों में दहशत का माहौल था। आरोपी के मारे जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।
