रिपोर्ट- सुप्रिया गुप्ता

वाराणसी, 26 अप्रैल 36वीं वाहिनी पीएसी, रामनगर में 9 माह के आधारभूत प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले रिक्रूट आरक्षी (नागरिक पुलिस) का भव्य दीक्षांत परेड समारोह-2026 आयोजित किया गया। इस अवसर पर कुल 594 रिक्रूट परेड में शामिल हुए। परेड ग्राउंड को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे समारोह की गरिमा और बढ़ गई।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय (आईपीएस) द्वारा परेड की सलामी लेने से हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र, मनोज कुमार सोनकर (आईपीएस) के आगमन पर सेनानायक द्वारा पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि ने जनरल सैल्यूट एवं शस्त्र सलामी ली और परेड कमांडर से परेड का विवरण प्राप्त किया।

इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने फूलों से सजी जीप से परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद परेड की टुकड़ियां प्लाटून कॉलम में मंच के सामने से गुजरीं और मान-सलाम प्रस्तुत किया। जवानों की सधी हुई चाल और अनुशासन को देखकर उपस्थित परिजनों एवं दर्शकों ने करतल ध्वनि से उनका उत्साहवर्धन किया।

समारोह के दौरान लखनऊ स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित दीक्षांत परेड में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लाइव प्रसारण बड़े स्क्रीन के माध्यम से जवानों को सुनाया गया।

मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट्स को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही आईटीआई एवं पीटीआई प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। सेनानायक ने अपने संबोधन में सभी नवप्रशिक्षित जवानों को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की, वहीं मुख्य अतिथि ने उन्हें सत्यनिष्ठा एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा करने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद सभी उत्तीर्ण रिक्रूट्स को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के अंत में सेनानायक द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा सभी टुकड़ियों के साथ समूह फोटो लिया गया।

समारोह में बड़ी संख्या में जवानों के परिजन एवं दर्शक उपस्थित रहे। सभी के लिए नाश्ता, भोजन और पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई थी।

इस अवसर पर उपसेनानायक प्रमोद कुमार यादव, शिविरपाल कैलाश नाथ यादव, आरटीसी प्रभारी गौरव त्रिपाठी, सूबेदार मेजर सुरेंद्र कुमार सहित वाहिनी के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।

मीडिया सेल
36वीं वाहिनी पीएसी
रामनगर, वाराणसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *