रिपोर्ट – गोपी गुप्ता
वाराणसी। थाना लंका पुलिस ने झपटमारी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला का छीना गया सोने जैसा पीली धातु का मांग टीका, नथिया, नाक की कील, 200 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर व प्रभारी निरीक्षक लंका के नेतृत्व में टीम ने इस मामले का खुलासा किया।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल की रात करीब 12:30 बजे सीरगोवर्धनपुर निवासी प्रजा श्रीवास्तव टोटो से जा रही थीं। एम्ब्रोसिया अपार्टमेंट के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका बैग झपट लिया और फरार हो गए। बैग में मांग टीका, नथिया, ईयर रिंग, नाक की कील और करीब 20 हजार रुपये नकद थे। पीड़िता की तहरीर पर थाना लंका में मुकदमा संख्या 185/2026 के तहत अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
गिरफ्तारी और बरामदगी
पुलिस टीम ने जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर 25 अप्रैल की रात सामने घाट स्थित जजेज गेस्ट हाउस के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान डब्बू (25 वर्ष) निवासी बजरडीहा, थाना भेलूपुर और साहिद उर्फ साहिल (20 वर्ष) निवासी बौलिया लहरतारा, थाना मंडुवाडीह के रूप में हुई है।
नशे की लत में करते थे वारदात
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और खर्च चलाने के लिए सुनसान स्थानों पर अकेले लोगों को निशाना बनाकर झपटमारी करते थे। छीने गए सामान को बेचकर नशे की जरूरतें पूरी करते थे।
इन धाराओं में बढ़ोतरी
पुलिस के अनुसार, मामले में पहले दर्ज धारा के अलावा अब धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, चौकी प्रभारी नगवा उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार सिंह, उपनिरीक्षक स्वप्निल सिंह सहित थाना लंका की टीम के अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
