रिपोर्ट – पवन आजाद
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के सन्दहां स्थित रिंगरोड चौराहे के पास बालू-गिट्टी मंडी में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गिट्टी गिराकर वापस लौट रहे डंपर को साइड बता रहा खलासी अचानक असावधानीवश पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनभद्र जनपद के राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जैद निवासी चालक धीरज यादव डंपर पर गिट्टी लादकर सन्दहां चौराहे स्थित बालू-गिट्टी मंडी में पहुंचा था। वाहन में उसके साथ घोरावल क्षेत्र के पेड़े गांव निवासी लगभग 25 वर्षीय परमेश्वर खलासी के रूप में सवार था। शनिवार सुबह करीब 8 बजे मंडी में गिट्टी गिराने के बाद चालक वाहन लेकर वापस लौट रहा था।
बताया जा रहा है कि सन्दहां चौराहे पर पुल के नीचे से चालक आशापुर की ओर जाने का प्रयास कर रहा था, तभी वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने नो-एंट्री होने के कारण उसे रोक दिया। इसके बाद चालक ने वाहन को हरहुआ की दिशा में मोड़ने के लिए डंपर को पीछे (बैक) करना शुरू कर दिया। इसी दौरान खलासी परमेश्वर नीचे उतरकर चालक को साइड बता रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह डंपर के पिछले पहिए की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। भारी वाहन के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही चिरईगांव चौकी प्रभारी महेश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर शव का पंचायतनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। वहीं, अचानक हुई इस घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
