रिपोर्ट – पवन आजाद
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय स्थित मधुबन पार्क में नियमितीकरण की मांग को लेकर पिछले 12 दिनों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों के बीच सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला कर्मचारी की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं। बेहोश हुई महिला कर्मचारी का नाम बिंदु यादव बताया जा रहा है।
धरना स्थल पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें संभाला और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की। बताया जा रहा है कि तेज गर्मी और लगातार धरने पर बैठे रहने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी। घटना के बाद कुछ समय के लिए धरना स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई।

गौरतलब है कि काशी हिंदू विश्वविद्यालय के संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी पिछले 12 दिनों से मधुबन पार्क में अपने नियमितीकरण की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान कर्मचारी विभिन्न माध्यमों से अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं और प्रशासन से वार्ता की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि वे लोग हाई कोर्ट द्वारा दिए गए आदेश के आधार पर अपने नियमितीकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक विश्वविद्यालय प्रशासन का कोई भी अधिकारी उनसे बातचीत करने नहीं आया है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बावजूद उन्हें मजबूरी में धरने पर बैठना पड़ रहा है।
कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द से जल्द उनकी मांगों पर विचार कर नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
