रिपोर्ट – पवन आजाद

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित शिवाला घाट पर रविवार को गंगा स्नान के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दक्षिण भारत से काशी भ्रमण के लिए आए श्रद्धालुओं का एक समूह गंगा में स्नान कर रहा था, तभी अचानक करीब 15 तीर्थयात्री गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। इस घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्नान के दौरान एक श्रद्धालु का पैर फिसल गया, जिससे वह संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख आसपास मौजूद अन्य श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। घाट पर मौजूद लोगों ने जोर-जोर से शोर मचाते हुए मदद की गुहार लगाई।

इसी दौरान पास से गुजर रही नाव पर सवार स्थानीय नाविकों ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए बिना देर किए गंगा में छलांग लगा दी। नाविकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर एक-एक कर सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के कारण समय रहते सभी की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद कुछ देर तक घाट पर दहशत और तनाव का माहौल बना रहा, लेकिन सभी श्रद्धालुओं के सुरक्षित बाहर आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने नाविकों की बहादुरी और मानवीय संवेदना की सराहना की है।

गौरतलब है कि गंगा में स्नान के दौरान पैर फिसलने या गहरे पानी में चले जाने से डूबने की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं। प्रशासन द्वारा लगातार श्रद्धालुओं को गहरे पानी में न जाने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की जाती है, फिर भी लापरवाही के कारण इस तरह की घटनाएं हो जाती हैं।

फिलहाल, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है और सभी श्रद्धालु सुरक्षित हैं। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही स्नान करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *