रिपोर्ट – आदित्य प्रकाश

वाराणसी। विधि संकाय, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा नैपुरा कलान, डाफी, वाराणसी में सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। इस शिविर के अंतर्गत आगामी सात दिनों तक महिला सशक्तिकरण एवं शिक्षा, विधिक जागरूकता, स्वच्छता अभियान, सामाजिक सर्वेक्षण तथा सामुदायिक सहभागिता से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

शिविर के प्रथम दिवस की शुरुआत स्वयंसेवकों की उपस्थिति के साथ हुई। इसके पश्चात कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र मेहरा ने स्वयंसेवकों को शिविर के उद्देश्य, कार्ययोजना तथा सामाजिक सेवा में युवाओं की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय सेवा योजना के मूल मंत्र “Not Me But You” की भावना के साथ समाज के बीच कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

प्रथम दिवस की थीम महिला सशक्तिकरण एवं बालिका शिक्षा रही। इस अवसर पर स्वयंसेवकों को विभिन्न समूहों में विभाजित कर नैपुरा कलां क्षेत्र में घर-घर जाकर सर्वेक्षण कराया गया। सर्वेक्षण के दौरान स्वयंसेवकों ने परिवारों से बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य तथा स्वच्छता से संबंधित जानकारी एकत्रित की और लोगों को इन विषयों के प्रति जागरूक किया।इसके साथ ही स्वयंसेवकों ने स्थानीय निवासियों को महिला सशक्तिकरण तथा बालिका शिक्षा से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। स्वयंसेवकों ने क्षेत्र के बच्चों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय जाने तथा शिक्षा के महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया।दिनभर की इन गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवकों को समाज की वास्तविक परिस्थितियों को समझने का अवसर मिला तथा समुदाय में जागरूकता का संदेश भी प्रसारित हुआ। दिन के अंत में स्वयंसेवकों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई और इसी के साथ शिविर के प्रथम दिवस की गतिविधियाँ संपन्न हुईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *