गुमटी मार्केट

चौकीदार हटाने और CCTV कैमरे बंद होने का दुकानदारों ने लगाया आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

वाराणसी। बरेका परिसर स्थित गुमटी मार्केट में सोमवार की देर रात चोरों ने कई दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकानों के टिनशेड हटाकर अंदर दाखिल हुए और सामान लेकर फरार हो गए। मंगलवार सुबह दुकानदार जब अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टिनशेड टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। एक के बाद एक कई दुकानों में चोरी की जानकारी सामने आने के बाद पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। घटना के बाद दुकानदारों ने बरेका प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

कई दुकानों में चोरी, टिनशेड उखाड़कर घुसे चोर

दुकानदारों के मुताबिक, चोरों ने मार्केट की कई दुकानों के टिनशेड को हटाकर अंदर प्रवेश किया। विकास कम्युनिकेशन, शाका सिंह स्पोर्ट्स, धीरज स्पोर्ट्स, राज केश जनरल स्टोर, बिग बॉय, शाका फैशन, शुक्ला फुटवियर और राम मराश फोटो फ्रेमिंग समेत कई दुकानों में चोरी की गई।

इसके अलावा कुछ अन्य दुकानों के टिनशेड को भी तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया गया। सुबह दुकानदारों के दुकान पर पहुंचने के बाद चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

चौकीदार हटाने का दुकानदारों ने लगाया आरोप

घटना के बाद दुकानदारों में बरेका प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिली। दुकानदारों का आरोप है कि मार्केट की सुरक्षा के लिए तैनात चौकीदार को बरेका प्रशासन की ओर से हटा दिया गया था। इतना ही नहीं, मार्केट के मुख्य गेट पर स्थित चौकीदार के कार्यालय में भी ताला लगवा दिया गया।

गुमटी मार्केट

दुकानदारों का कहना है कि पहले रात के समय चौकीदार की मौजूदगी से मार्केट में निगरानी रहती थी। चौकीदार हटाए जाने के बाद रात में सुरक्षा व्यवस्था कमजोर हो गई। उनका आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर चोरों ने देर रात कई दुकानों को निशाना बनाया।

CCTV कैमरे हटाए जाने का भी आरोप

दुकानदारों ने मार्केट की निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि मार्केट में लगे निगरानी कैमरे भी हटा दिए गए हैं। वर्तमान में कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानों की सुरक्षा के लिए निजी CCTV कैमरे लगा रखे हैं, लेकिन पूरे मार्केट की निगरानी के लिए प्रभावी व्यवस्था नहीं है।

दुकानदारों का कहना है कि यदि मार्केट में पर्याप्त CCTV कैमरे और रात के समय सुरक्षा कर्मियों की तैनाती होती तो चोरों को इतनी आसानी से वारदात करने का मौका नहीं मिलता।

गुमटी मार्केट

कई दुकानों में घुसने का प्रयास

चोरों ने सिर्फ उन्हीं दुकानों को निशाना नहीं बनाया, जहां से सामान चोरी हुआ, बल्कि कई अन्य दुकानों में भी प्रवेश करने का प्रयास किया। कई जगह टिनशेड टूटे और उखाड़े जाने के निशान मिले हैं। इससे माना जा रहा है कि चोर काफी देर तक मार्केट में सक्रिय रहे।

घटना के बावजूद रात में किसी स्तर पर निगरानी नहीं हो पाने को लेकर दुकानदारों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बाजार में बड़ी संख्या में दुकानें हैं और यहां रोजाना बड़ी मात्रा में सामान रहता है। ऐसे में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होना बेहद जरूरी है।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और बरेका की सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा, मंडुवाडीह थानाध्यक्ष, बरेका चौकी प्रभारी, रेलवे सुरक्षा बल और बरेका की खुफिया टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और चोरी वाली दुकानों के साथ आसपास के क्षेत्र की भी जानकारी जुटाई।

पुलिस ने घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। चोर किस रास्ते से मार्केट में दाखिल हुए और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस आसपास लगे निजी CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान करने और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना में कितने लोग शामिल थे और चोरी के बाद वे किस दिशा में गए।

 चोरी

दुकानदारों ने पुलिस से चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया तो भविष्य में भी ऐसी घटनाएं हो सकती हैं।

सुरक्षा व्यवस्था तत्काल मजबूत करने की मांग

दुकानदारों ने बरेका प्रशासन से मार्केट में तत्काल चौकीदार की तैनाती करने, मुख्य गेट और आसपास निगरानी व्यवस्था मजबूत करने तथा CCTV कैमरे दोबारा लगाए जाने की मांग की है।

दुकानदारों का कहना है कि बाजार में बड़ी संख्या में दुकानें हैं और प्रतिदिन लाखों रुपये का सामान यहां रहता है। ऐसे में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था का मजबूत होना बेहद जरूरी है। दुकानदारों ने प्रशासन से भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चोरी गए सामान और हुए नुकसान का आकलन दुकानदारों की ओर से किया जा रहा है। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों से मिलने वाले सुरागों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *