कार्यकर्ताओं के साथ सुना गया पीएम मोदी के ‘मन की बात’ का 134वां एपिसोड, काशी के लंगड़ा आम और गंगा डॉल्फिन एंबुलेंस का भी किया जिक्
वाराणसी। संसदीय जनसंपर्क कार्यालय, वाराणसी में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संसदीय जनसंपर्क कार्यालय के प्रभारी शिव शरण पाठक के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न सामाजिक, पर्यावरणीय, सांस्कृतिक और खेल से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने उत्तर प्रदेश की मनोरमा नदी को पुनर्जीवित करने के लिए कार्य कर रहे आकाश गुप्ता के प्रयासों का उल्लेख करते हुए जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रधानमंत्री ने ‘नमामि गंगे’ अभियान के तहत शुरू की गई भारत की पहली गंगा डॉल्फिन रेस्क्यू एंबुलेंस का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गंगा और उससे जुड़े जीवों के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयास देश के लिए प्रेरणादायक हैं।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने युवाओं में खगोल विज्ञान (एस्ट्रोनॉमी) के प्रति बढ़ते आकर्षण की चर्चा करते हुए कहा कि यह विषय नई पीढ़ी को खोज और नवाचार के लिए प्रेरित कर रहा है। साथ ही उन्होंने नीदरलैंड्स द्वारा चोल काल की प्राचीन ताम्र पट्टिकाओं को भारत को लौटाए जाने को देश की सांस्कृतिक विरासत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
गर्मी के मौसम और आम के प्रति लोगों के लगाव का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र के हापुस (अल्फांसो), गुजरात के केसर, उत्तर प्रदेश के दशहरी और काशी के प्रसिद्ध लंगड़ा आम का जिक्र किया। उन्होंने बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील भी की।
प्रधानमंत्री ने देश के एथलीट गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय खिलाड़ी लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
कार्यक्रम में संसदीय कार्यालय प्रभारी शिव शरण पाठक, वीणाí पांडेय, नंदकिशोर पांडेय, सुनील मिश्रा, शिवांग, रविंद्र सिंह (पार्षद), रमाशंकर पटेल (पार्षद), जगन्नाथ ओझा, अजय प्रताप सिंह, अरविंद चौधरी, गौरव पांडेय, सौरभ पाठक, सुमित मिश्रा, सोनी शर्मा, रीना सिंह, चंद्रकला गुप्ता, अनीता गुप्ता तथा ‘मन की बात’ कार्यक्रम के संयोजक पवन शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
