वाराणसी। अस्सी स्थित संत रविदास पार्क के सामने श्री काशी धर्मपीठ, रामेश्वर मठ में 28 से 30 जुलाई तक गुरुपूर्णिमा महोत्सव एवं चातुर्मास्य महाव्रत का भव्य त्रिदिवसीय आयोजन होगा। यह आयोजन काशीधर्मपीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी नारायणानन्द तीर्थ महाराज के पावन सान्निध्य में संपन्न होगा। आयोजन में देशभर से संत-महात्माओं, विद्वानों और हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम का संरक्षण काशी विद्वत परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री प्रो. रामनारायण द्विवेदी कर रहे हैं। कार्यक्रम प्रभारी आनंद स्वरूप ब्रह्मचारी महाराज तथा आयोजन समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार दूबे हैं।
²
तीनों दिनों तक प्रतिदिन दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक धर्मसभा, आध्यात्मिक सत्संग एवं जगद्गुरु शंकराचार्य के आशीर्वचन होंगे। वहीं सुबह 10 बजे से हरि इच्छा तक विशाल महाप्रसाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा। 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विशेष गुरु पूजन, गुरु वंदन, चातुर्मास्य महाव्रत का शुभारंभ और श्रद्धालुओं के लिए विशेष दर्शन की व्यवस्था रहेगी।
चातुर्मास अवधि में प्रतिदिन सुबह 8 से 9 बजे तक दर्शन, पूजन, दीक्षा एवं आशीर्वचन, 10 बजे से महाप्रसाद भंडारा तथा श्रीमद्भगवद्गीता और ब्रह्मसूत्र पर प्रवचन होंगे। शाम 5 से 7 बजे तक नियमित आध्यात्मिक प्रवचन तथा रात 7:30 बजे से महाप्रसाद वितरण किया जाएगा।
आयोजन समिति में नागेंद्र दूबे, पुंडरीक पांडेय, मणिभद्र सिंह, पंकज शास्त्री, दिल मोहन तिवारी, एडवोकेट विनय तिवारी, अनुराग शर्मा, अनुपम दूबे, प्रिंस द्विवेदी, डॉ. रविंद्र कुमार सिंह, पार्षद रमेश यादव सहित अनेक सामाजिक एवं धार्मिक कार्यकर्ता आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं। समिति ने काशीवासियों और श्रद्धालुओं से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर जगद्गुरु शंकराचार्य के दर्शन, आशीर्वाद एवं सत्संग का लाभ लेने की अपील की है।
