रिपोर्ट – पवन आजाद
वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र के सुसुवाही नासिरपुर इलाके में देर रात चोरी की एक घटना सामने आई, जहां अज्ञात चोरों ने एक घर से दो गैस सिलिंडर चोरी कर लिए। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुसुवाही नासिरपुर निवासी रतन पटेल के घर में शादी समारोह होने के कारण अतिरिक्त गैस सिलिंडर मंगाकर रखा गया था। शनिवार की रात करीब तीन बजे दो अज्ञात युवक घर में घुसे और वहां रखे दोनों गैस सिलिंडर उठाकर फरार हो गए। उस समय परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे, जिससे किसी को घटना की भनक नहीं लगी।
रविवार सुबह जब परिवार के लोग जागे तो उन्हें गैस सिलिंडर गायब मिले। इसके बाद आसपास तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर चोरी की पूरी वारदात कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दोनों युवक एक ऑटो रिक्शा से मौके पर पहुंचे थे और सिलिंडर चोरी करने के बाद उसी वाहन से फरार हो गए।
इस संबंध में थाना प्रभारी राकेश ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने क्षेत्र के लोगों से भी सतर्क रहने और संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
