रिपोर्ट – पवन आजाद 

वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के लहरतारा इलाके में मंगलवार सुबह एक घर में सिलेंडर ब्लास्ट होने से बड़ा हादसा हो गया। धमाका इतना तेज था कि मकान का एक हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त हो गया। हादसे में घर में मौजूद दो लोगों की मौत हो गई, जबकि मां और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

जानकारी के अनुसार, घटना जीटी रोड स्थित बरगद के पेड़ के पास एक गली में सुबह करीब आठ बजे हुई। उस समय घर में कुल चार लोग मौजूद थे। अचानक तेज धमाके के साथ मकान का हिस्सा भरभराकर गिर गया, जिससे सभी लोग मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर सर्विस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही डीसीपी आकाश पटेल, एडीसीपी नीतू समेत पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए टीम ने मलबा हटाकर सभी घायलों को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा।

अस्पताल में उपचार के दौरान ओमप्रकाश (28 वर्ष) और उसकी बहन प्रीति (24 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं घायल गिरिजा देवी और उसका बेटा मुन्नू का इलाज जारी है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

एडीसीपी नीतू ने बताया कि गिरिजा देवी अपने तीन बच्चों के साथ एक तल्ले के मकान में रहती थी। प्रारंभिक जांच में सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका जताई जा रही है। गिरिजा देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पास एक ही सिलेंडर था और सुबह खाना बनाते समय अचानक हादसा हो गया।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *