वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के लहरतारा इलाके में मंगलवार सुबह गैस सिलेंडर लीकेज से हुए भीषण ब्लास्ट में एक मकान का हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि मां और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 8 बजे लहरतारा जीटी रोड के पास स्थित एक गली में हुई। बताया जा रहा है कि घर में खाना बनाते समय अचानक सिलेंडर में लीकेज के चलते तेज धमाका हुआ। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि मकान का हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और घर में मौजूद चारों लोग मलबे में दब गए।

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही डीसीपी आकाश पटेल और एडीसीपी नीतू के नेतृत्व में पुलिस व फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकाला और उन्हें तुरंत बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा। इलाज के दौरान ओमप्रकाश (28) और उसकी बहन प्रीति (24) को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं मां गिरिजा देवी और बेटा मुन्नू की हालत गंभीर बनी हुई है।

एडीसीपी नीतू के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सिलेंडर लीकेज के कारण ब्लास्ट होने की आशंका है। गिरिजा देवी ने बताया कि घर में एक ही गैस सिलेंडर था और खाना बनाते समय यह हादसा हुआ।
फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटा लिए हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

By fourthpillarworld

अपने शहर के लेकर देश-दुनिया की राजनीतिक, समसामयिक, बॉलीवुड, खेल, धर्म, आध्यात्म और व्यापार जगत की ताजा-तारीन खबरों को Fourthpillarworld.com पर पढ़े. हमारे youtube, facebook एवं instagram चैनल को फॉलो करना ना भूलें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *